महावीर जन्म कल्याणक पर इंदौर में निकली भव्य स्वर्ण रथ शोभायात्रा

श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब, 61 साधु-साध्वियों की पावन उपस्थित

इंदौर, 10 अप्रैल 2025। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक अवसर पर इंदौर के कांच मंदिर, इतवारिया बाजार से दिगंबर जैन समाज, सामाजिक संसद के तत्वावधान में गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे भव्य स्वर्ण रथ शोभायात्रा निकाली गई। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा ने पूरे शहर को धर्ममय कर दिया।


मुख्य अतिथि और शोभायात्रा का शुभारंभ

दिगम्बर सामाजिक संसद के सतीश जैन ने बताया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रकाश मोदी, सदस्य, अल्पसंख्यक आयोग (दिल्ली) थे।
स्वर्ण रथ के सारथी बनने का सौभाग्य मुकेश – चंदन बालाजी पाटोदी परिवार को मिला, वहीं शोभायात्रा की शुरुआत नवीन – शिवानी गोधा परिवार ने की।
समन्वयक की भूमिका में विनय बाकलीवाल रहे।


प्रभु महावीर के दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब

स्वर्ण रथ में रजत सिंहासन पर विराजित भगवान महावीर के दर्शनों हेतु श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। संपूर्ण वातावरण जयकारों और भक्ति संगीत से गूंज उठा। रथ संचालन बड़े भाव और मनोयोग से किया गया।


61 साधु-साध्वियों की गरिमामयी उपस्थिति

शोभायात्रा में देशभर से पधारे कुल 61 संतगणों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से:

आचार्य विनम्र सागर जी

आचार्य विशद सागर जी

मुनि निर्णय सागर जी

मुनि आदित्य सागर जी

आर्यिका विरम्य श्री माताजी, विमल प्रभा माताजी, विभा श्री माताजी आदि शामिल रहे।


प्रवचनों में महावीर सिद्धांतों पर चलने का संदेश

सभी आचार्यों और आर्यिका माताओं ने अपने प्रवचनों में कहा कि आज के समय में विश्व को महावीर स्वामी के सिद्धांतों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने अहिंसा, सत्य, ब्रह्मचर्य जैसे मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया और इस शोभायात्रा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


पूर्व निर्धारित मार्ग पर यात्रा, सूर्यास्त से पूर्व कलशाभिषेक

प्रिंसपाल टोंग्या, रथ यात्रा संयोजक ने बताया कि यात्रा पूर्व निर्धारित मार्ग से गुजरी। प्रवचनों के बाद भगवान महावीर का कलशाभिषेक शाम 6:25 बजे विधिपूर्वक सम्पन्न हुआ।


हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी

इस शोभायात्रा में समाज के प्रमुख गणमान्यजनों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विशेष उपस्थिति में रहे:
पुष्पा कासलीवाल, एम.के. जैन, अमित कासलीवाल, देवेंद्र कांसल (राष्ट्रीय अध्यक्ष, फेडरेशन, उज्जैन), हेमंत जैन (महावीर टाइम्स संपादक), रेखा जैन (श्रीफल न्यूज़), राजीव जैन (पार्षद) सहित अन्य कई पदाधिकारी।


लोकनृत्य, झांकियां और हाथी बने आकर्षण का केंद्र

मनावर से आए आदिवासी कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में सुंदर लोकनृत्य प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। शोभायात्रा में दो भव्य ऐरावत हाथी, दर्जनों झांकियां और भजन प्रतियोगिता भी आयोजन का हिस्सा रही।


55 स्वागत मंचों से हुआ समाज का सम्मान

शहरभर में विभिन्न 55 मंचों से दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारियों और अतिथियों का स्वागत किया गया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश गया।

जैन अधिवक्ता परिषद का सजा मंच

खजूरी बाजार में जैन अधिवक्ता परिषद का मंच लगाया गया जहां जैन अधिवक्ताओं ने जुलूस का स्वागत किया । मंच पर अधिवक्ता नरेंद्र जैन, चक्रेश जैन सहित कई जैन अधिवक्ताओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया।


By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *