कलेक्टरों को निगरानी के निर्देश
इंदौर/भोपाल।
प्रदेश में भू-राजनीतिक परिस्थितियों के चलते कमर्शियल श्रेणी के LPG सिलेंडरों की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका के बीच राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, भोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर जिला प्रशासन को LPG की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा है।
खाद्य विभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा द्वारा जारी पत्र (क्रमांक 1472/पेट्रोलियम/2026, दिनांक 10 मार्च 2026) में बताया गया है कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौजूदा भू-राजनीतिक (Geo-Political) परिस्थितियों के कारण आयात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए फिलहाल LPG की सप्लाई प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कमर्शियल उपभोक्ताओं को फिलहाल सप्लाई नहीं
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान परिस्थिति में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को छोड़कर अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं—जैसे होटल, मॉल, बल्क LPG उपयोग करने वाले औद्योगिक क्षेत्र और फैक्ट्रियों—को कमर्शियल LPG (Bulk and Packed) की सप्लाई नहीं की जाएगी।
जिलों में नियमित समीक्षा बैठकें होंगी
राज्य सरकार ने जिला स्तर पर खाद्य विभाग, जिला प्रशासन, ऑयल कंपनियों के अधिकारी और LPG वितरकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने को कहा है, ताकि घरेलू और वाणिज्यिक सिलेंडरों के स्टॉक और उपलब्धता की समीक्षा की जा सके।
बड़े उपभोक्ताओं को वैकल्पिक ईंधन की सलाह
पत्र में यह भी कहा गया है कि जिलों में बड़े कमर्शियल उपभोक्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें उपलब्ध स्टॉक का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक ईंधन स्रोतों का उपयोग करने की सलाह दी जाए।
जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के निर्देश
सरकार ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि वितरक स्तर पर LPG सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी न हो। इसके लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और उनके फील्ड अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, लेकिन संभावित संकट को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह व्यवस्था लागू की गई है।
Focus Keyphrase: कमर्शियल LPG सप्लाई मध्यप्रदेश
Tags: LPG shortage, Madhya Pradesh government, commercial LPG supply
