इंदौर/ भोपाल

10 जुलाई 2024

मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल के कार्यालय में पदस्थ जनसम्पर्क अधिकारी पूजा थापक का आकस्मिक निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि 33 वर्षीय पूजा थापक ने कल रात अपने घर में आत्महत्या कर ली है। कल रात उनकी उनके पति से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उन्होने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली। पति को शक हुआ तो कमरे का दरबाजा तोड़ कर अंदर गए और पूजा को फंदे से उतार कर एम्स असपताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूजा की ढाई साल पहले शादी हुई थी। वे भोपाल में अपने पति और सास-ससुर के साथ रहती थीं। पूजा का एक वर्ष का बच्चा भी बताया जा रहा है। मौत के प्रारंभिक कारणों में पति से अनबन सामने आ रही है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। फिलवक्त मौत किन कारणों से हुई, यह पता नहीं चल सका है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूजा ग्वालियर की मूल निवासी बताई जा रही हैं।  उनके पति निखिल दुबे मध्य प्रदेश सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में सहायक संचालक स्तर के ही अधिकारी हैं। दोनों ने इंदौर में ही पीएससी की तैयारी की थी और दोनों का चयन भी साथ हुआ था। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी।

इंदौर जनसंपर्क कार्यालय ने पूजा के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। आज शाम 6 बजे संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय, नेहरू पार्क इंदौर में शोक सभा का आयोजन रखा गया है। उल्लेखनीय है पूजा इंदौर जनसंपर्क कार्यालय में भी पूर्व में पदस्थ रही हैं।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।