उपनयन संस्कार जीवन की कठिनाइयों को दूर करने में सहायक : विनम्र सागर

सतीश जैन, इंदौर

18 अगस्त 2024

मप्र के इंदौर के छत्रपति नगर के दलाल बाग में मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज ने कहा कि अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चों को सत्ता, संपत्ति, सिद्धि और प्रसिद्धि मिले, तो उनके लिए उपनयन संस्कार अवश्य कराएं। दक्षिण भारत में यह संस्कार कई वर्षों से प्रचलित है। आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने भी सिरपुर में पहली बार इस संस्कार को प्रारंभ किया था। मुनि श्री ने बताया कि उपनयन संस्कार मोक्ष प्राप्ति के लिए महत्वपूर्ण होता है और यह संस्कार जीवन की कठिनाइयों में सहायक सिद्ध होता है। इसके माध्यम से सरस्वती की कृपा बच्चों पर बनी रहती है।

मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज ने आगे कहा कि व्यसन मुक्त समाज का निर्माण करना हमारी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर आठ बालकों का उपनयन संस्कार ब्रह्मचारी अविनाश भैया जी द्वारा बोले गए 16 मंत्रों से, मुनि श्री निस्वार्थ सागर जी महाराज और निसर्ग सागर जी महाराज के द्वारा संपन्न हुआ। सभी बच्चों का मुंडन कराया गया और उन्हें सभी व्यसनों, विशेष रूप से मोबाइल गेम्स से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। बच्चों के गले में जनेऊ पहनाया गया और हाथ में कलावा बांधा गया। उन्हें प्रतिदिन मंदिर के दर्शन करने और रात्रि भोजन का त्याग करने का नियम भी दिलवाया गया। साथ ही, माला फेरने का संकल्प भी दिलाया गया। इसके बाद सभी बालकों ने मुनि श्री की तीन परिक्रमा लगाई।

इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि मुनि श्री विनम्र सागर जी महाराज के पाद-प्रक्षालन का सौभाग्य अरुण कुमार जैन, अमित कुमार जैन (एडवोकेट) और उनके परिवार को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 6:30 बजे श्री जी की शोभा यात्रा से हुई, उसके बाद मंगलाष्टक अभिषेक, शांति धारा, नित्य नियम पूजन और रक्षाबंधन महामंडल विधान संपन्न हुआ। शाम 7:30 बजे संगीतमय आरती का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मनोज बाकलीवाल, मनीष नायक, सतीश डबडेरा, सतीश जैन, आनंद जैन, सचिन जैन, भरतेश बड़कुल, अमित जैन, कमल अग्रवाल, सुधीर जैन, भूपेंद्र जैन, प्रदीप स्टील, रितेश जैन, आलोक बंडा आदि विशेष रूप से उपस्थित थे। आपको बता दें मुनि संघ के प्रवचन प्रतिदिन सुबह 9 बजे से हो रहे हैं।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।