नई दिल्ली, 12 मई 2026। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने और पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है। 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को लेकर मिली जांच रिपोर्ट, केंद्रीय एजेंसियों के इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जांच के आधार पर केंद्र सरकार की मंजूरी से यह फैसला लिया गया।
NTA ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में छात्रों के भरोसे को बनाए रखने के लिए मौजूदा परीक्षा को निरस्त करना आवश्यक हो गया था। नई परीक्षा तिथियों और एडमिट कार्ड जारी करने की संशोधित समय-सारिणी जल्द आधिकारिक माध्यमों से घोषित की जाएगी।
सरकार ने पूरे मामले की व्यापक जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का भी निर्णय लिया है। NTA ने जांच में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है।
एजेंसी के अनुसार मई 2026 चक्र के तहत पहले से पंजीकृत सभी अभ्यर्थियों का डेटा, आवेदन और परीक्षा केंद्र विकल्प यथावत रहेंगे। छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी तथा पुनर्परीक्षा NTA अपने संसाधनों से आयोजित करेगी।
NTA ने माना कि पुनर्परीक्षा से छात्रों और अभिभावकों को असुविधा होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली की साख बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक है।
अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील की गई है।
हेल्पलाइन: neet-ug@nta.ac.in | 011-40759000 / 011-69227700
