मध्यप्रदेश के इंदौर की भारतीय जनता पार्टी ने आज विधिवत ‘संगठन पर्व’ के रूप में सदस्यता अभियान शुरू किया है। इसी अवसर पर भाजपा ने इंदौर के जावरा कंपाउंड स्थित पार्टी मुख्यालय पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता को मुख्यतः पार्टी की वयोवृद्ध नेता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ‘ताई’ और नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने संबोधित किया। 


मप्र में डेढ़ करोड़ तो इंदौर में आठ लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य – गौरव
इंदौर नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी ने मप्र में डेढ़ करोड़ सदस्य जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही इंदौर के लिए 8 लाख सदस्यों का जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। रणदिवे ने दावा किया कि सन 2014 से 2019 तक देश के लगभग 18 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। कोरोना महामारी के दौरान अभियान को रोका गया था, अब यह अभियान फिर से शुरू हो गया है और आगामी डेढ़ माह तक चलेगा। 

2014-15 के महज छह माह में 11 करोड़ सदस्य बने 

इंदौर नगर अध्यक्ष ने दावा किया कि अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकाल के दौरान 2014-15 में लगभग 5 से 6 महीनों तक यह सदस्यता अभियान चलाया गया था। उन्होंने अभियान की सफलता का बखान करते हुए कहा तब पूरे देश में लगभग 11 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। 

2019 में 7 करोड़ लोगों ने सदस्यता ग्रहण की 

युवा भाजपा नेता गौरव रणदिवे ने कहा, इसी तरह वर्ष 2019 में भी कुछ समय के लिए यह सदस्यता प्रकिया प्रारंभ की गई थी, जिसमें लगभग 7 करोड़ लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। 

सदस्यता अभियान क्यों संगठन पर्व कहती है भाजपा  

नगर अध्यक्ष के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी इस सदस्यता प्रक्रिया को संगठन पर्व कहती है, क्योंकि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। उमंग और उत्साह के साथ यह पर्व शुरू हो गया है, जिसे साकार रूप पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता को करना है।          

अकेली भाजपा ही लोकतान्त्रिक पार्टी – सुमित्रा

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने कहा कि सदस्यता अभियान  का मूल उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा का विस्तार करना है। यहां सदस्यता के लिए शीर्ष से बूथ स्तर तक सबको मौका दिया जाएगा । यह अभियान सर्वसमावेशी होगा, जिसमें सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से हर वर्ग को भारतीय जनता पार्टी से जुडने का अवसर दिया जाएगा। यह भाजपा की लोकतांत्रिक प्रक्रिया ही है जो पार्टी को अन्य लगभग 1500 राजनीतिक दलों से अलग खड़ा करती है। 

तब पार्टी का उपहास उड़ाया जाता था – सुमित्रा 

1984 में जब भाजपा केवल 2 सीटें जीतकर आई थी, तब पार्टी का उपहास किया जाता था, लेकिन विचारधारा, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संघर्ष और सदस्यता अभियान के कारण भाजपा आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। महाजन ने कांग्रेस को कम्युनिस्ट पार्टी पर विदेशी विचारधार की पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा जब जनसंघ विपक्ष बनकर उभरा, उस समय जिन दो राजनीतिक पार्टियों का अस्तित्व था ‘कांग्रेस और कम्युनिस्ट’ दोनों पार्टियों की विचारधारा विदेशी विचारधारा थी। केवल भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा ही इस माटी की उपज थी। 

सदस्यता आंकड़ों का खेल नहीं – महाजन 

परिवार के विस्तार का जो आनंद होता है, वो आनंद बीजेपी में जो कोई नया सदस्य बनता है, परिवार के विस्तार का आनंद होता है। यह सदस्यता अभियान आंकड़ों का खेल नहीं, कितने नंबर हम पार कर जाएंगे, ये नहीं है। ये सदस्यता अभियान एक पूर्ण रूप से वैचारिक आंदोलन भी है और भावनात्मक आंदोलन भी है।

ऐसे आगे बढ़ेगा अभियान 

नगर अध्यक्ष के मुताबिक इस संगठन पर्व हेतु प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित हो चुकी हैं एवं मार्गदर्शन दिया जा चुका है। संगठन महापर्व का प्रथम चरण 1 सितंबर से शुरू हो चुका है और 24 सितंबर 2024 तक चलेगा। जबकि दूसरा चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2024 तक रहेगा। सक्रिय सदस्यता अभियान 16 से 31 अक्टूबर 2024 तक चलेगा तथा प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता रजिस्टर करने की तिथि 1 नवंबर से 10 नवंबर 2024 होगी। भाजपा का यह अभियान चार आयामों पर आगे बढ़ेगा। एक आयाम है मिस्ड कॉल 8800002024 जिसके माध्यम से लोग पार्टी से जुड़ सकेंगे।  दूसरा आयाम है क्यू आर कोड। स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले लोग क्यू आर कोड के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन सकते हैं। नमो एप के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण की जा सकती है भारतीय जनता पार्टी की वेबसाइट के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण कर सकता है। 

आज यह रहे मौजूद 

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, जिला अध्यक्ष चिन्टू वर्मा, पूर्व इ.वि.प्रा. अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, मीडिया प्रभारी रितेश तिवारी एवं सह मीडिया प्रभारीनितीन द्विवेदी उपस्थित थे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *