गिरोह के मुख्य सरगना सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

  • आरोपियों से लाखों रुपये के नकली नोट और नोट बनाने के उपकरण बरामद
  • 20 लाख रुपये से अधिक के नकली नोट बाजार में चला चुके हैं
  • नागपुर में किराए के फ्लैट में बन रहे थे नकली नोट
  • आरोपियों के कई राज्यों से संबंध होने की आशंका

इंदौर, 04 फरवरी 2025,(न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126: मध्य प्रदेश के इंदौर की लसुडिया थाना पुलिस ने नकली नोट बनाने गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लसुडिया पुलिस ने बीती जनवरी को गिरोह के एक आरोपी शुभाम उर्फ पुष्पांशु रजक को देवास नाके से गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 500 रुपये के 46 नकली नोट बरामद हुए।

इस तरह पहुंची पुलिस आरोपियों तक

शिवम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने ये नोट नसरुल्लागंज के महिपाल उर्फ मोहित बेड़ा से खरीदे थे। इसके बाद महिपाल को नसरुल्लागंज (जिला सीहोर) से गिरफ्तार किया गया। महिपाल से पूछताछ में जानकारी मिली कि ये नकली नोट नागपुर निवासी मनप्रीत द्वारा भेजे गए थे। महिपाल ने अब तक मनप्रीत से 20 लाख रुपये के नकली नोट खरीदे थे, जिन्हें उसने इंदौर के अनुराग चौहान और मोहसिन खान को बेचे थे।

इसके बाद मोहसिन और अनुराग को गिरफ्तार किया गया, और उनके पास से नकली नोट बरामद किए गए। मनप्रीत सिंह विर्क को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि वह अपने साथी मलकीत सिंह के साथ किराए के फ्लैट में नकली नोट बना रहा था। मलकीत सिंह की निशानदेही पर नकली नोट बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए, जिनमें 3 लेजर कलर प्रिंटर, 2 लैमिनेशन मशीन, 85 GSM कागज, और नोट बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री शामिल थी।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अब तक 20 से 22 लाख रुपये के नकली नोट तैयार कर बेचे थे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया है और उनसे और अधिक पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण

  1. मलकीत सिंह (28 वर्ष) – नागपुर, महाराष्ट्र
  2. मनप्रीत सिंह (26 वर्ष) – नागपुर, महाराष्ट्र
  3. महिपाल उर्फ मोहित बेड़ा (22 वर्ष) – नसरुल्लागंज, सीहोर
  4. अनुराग चौहान (22 वर्ष) – रेहटी, सीहोर
  5. मोहसिन खान (24 वर्ष) – खजराना, इंदौर
  6. शुभम उर्फ पुष्पांशु रजक (26 वर्ष) – इंदौर

जप्त मश्रुका

  1. 3 लेजर प्रिंटर (एचपी और केनन कंपनी)
  2. 85 GSM कागज (जेके कंपनी) जिन पर 500 और 200 रुपये के नकली नोट छपे हैं
  3. 2 लिमिनेशन मशीन
  4. आरबीआई की पट्टी चिपकाने हेतु चमकीली पन्नी
  5. एचपी कंपनी का लैपटॉप
  6. नोट कटिंग हेतु छोटी काँच की टेबल
  7. सफेद वाटरमार्क इंक
  8. 500 रुपये के 70 नकली नोट

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।