इंदौर, 8 मार्च – प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को “भिखारी” कहे जाने के बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। इस बयान को जनता का अपमान बताते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने उनके इस्तीफे या बर्खास्तगी की मांग की है। इसी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कल, 9 मार्च को कलेक्टर चौराहे पर धरना देंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, सदाशिव यादव और संगठन मंत्री महेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता मालिक होती है और सरकार जनसेवक होती है, लेकिन मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपनी अमर्यादित टिप्पणी से जनता का घोर अपमान किया है। कांग्रेस ने मांग की है कि या तो प्रहलाद पटेल स्वयं इस्तीफा दें या फिर राज्यपाल उन्हें तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त करें

जौहर मानपुरवाला का बयान

कांग्रेस प्रवक्ता जौहर मानपुरवाला ने कहा, “प्रहलाद पटेल का बयान न केवल लोकतंत्र का अपमान है, बल्कि यह उस जनता के खिलाफ है जिसने उन्हें चुना है। यदि किसी मंत्री की सोच जनता को भिखारी समझने की हो गई है, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की मानसिकता का पूरी ताकत से विरोध करेगी और जब तक उन्हें पद से हटाया नहीं जाता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम

  • तारीख: 8 मार्च, शनिवार
  • समय: सुबह 10:00 बजे
  • स्थान: कलेक्टर चौराहा, गंजी कंपाउंड, इंदौर

शहर कांग्रेस ने सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।