नई दिल्ली, 30 अगस्त – देश के अग्रणी उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी, रिलायंस इंडस्ट्रीज की 29 अगस्त को आयोजित ऑनलाइन वार्षिक आम बैठक (AGM) में 5 लाख 52 हजार से अधिक शेयरधारकों और अन्य लोगों ने हिस्सा लेकर सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले 2023 में हुई AGM में 4 लाख 30 हजार से अधिक लोग जुड़े थे, जबकि 2022 में यह संख्या 3 लाख 90 हजार थी। कोविड महामारी के समय से ही कंपनी वर्चुअल AGM आयोजित कर रही है।

लाखों शेयरधारकों को घर बैठे कंपनी की आमसभा में भाग लेने के लिए रिलायंस ने व्यापक तकनीकी इंतजाम किए थे। वीडियो कॉलिंग ऐप ‘जियोमीट’ पर आयोजित AGM में मूक-बधिरों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी। कंपनी द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव सांकेतिक भाषा में भी उपलब्ध थे। इसके अलावा, रिलायंस ने एक चैटबॉट नंबर भी जारी किया, जिस पर शेयरहोल्डर्स और अन्य लोग अपने सवालों के जवाब प्राप्त कर सकते थे।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रवक्ता ने कहा, “अधिक से अधिक शेयरधारकों का AGM में शामिल होना, कंपनी में उनके विश्वास को दर्शाता है। 5 लाख 52 हजार से अधिक लोगों का जियोमीट पर जुड़ना न केवल देश बल्कि विश्व के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारी तकनीकी टीमें दिन-रात इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी रहीं।”

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।