पेटलावद, 18 मई।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत का संघ शिक्षा वर्ग आज पेटलावद में विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। वर्ग का उद्घाटन वर्ग के सर्वाधिकारी सुरजीतसिंह जुनेजा और प्रांत सहकार्यवाह श्रीनाथ गुप्ता ने भारत माता की पूजन कर किया।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन बौद्धिक में प्रांत सरकार्यवाह श्रीनाथजी ने शिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की एक साधना है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य भारत के समाज को जाग्रत कर राष्ट्र के उत्थान में योगदान देना है। संघ की शाखा पद्धति पूर्णतः वैज्ञानिक है, जिसमें शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास होता है।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक अपने आचरण और जीवन शैली से समाज में प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। संघ के वर्ग और कार्यक्रमों के माध्यम से श्रेष्ठ गुणों का विकास होता है जो राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संघ शिक्षा वर्ग में मालवा प्रांत के सभी 28 जिलों से चयनित कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। वर्ग में स्वयंसेवकों को शारीरिक, बौद्धिक एवं कार्यात्मक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे समाज में प्रभावी रूप से कार्य कर सकें।