5 हजार बिजली कर्मचारी मैदान में

पश्चिम मप्र में अब तक 7.16 लाख उपभोक्ताओं ने लिया लाभ

इंदौर, 27 फरवरी: तीन माह या उससे अधिक समय से लंबित बिजली बिलों के निपटान के लिए लागू समाधान योजना का अंतिम दिन शनिवार 28 फरवरी है। योजना के अंतिम दिन अधिक से अधिक बकायादार उपभोक्ताओं तक पहुंचने के लिए मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इंदौर सहित पश्चिम मप्र के सभी 15 जिलों में करीब 5 हजार कर्मचारियों को तैनात किया है।

बिजली कंपनी के अनुसार ये कर्मचारी बकायादार उपभोक्ताओं से फोन कॉल के माध्यम से संपर्क करने के साथ ही घर, दुकान और खेतों तक पहुंचकर योजना का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगे।

सरचार्ज में मिल रही बड़ी राहत

समाधान योजना के तहत:

एकमुश्त भुगतान करने पर 70 से 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी

किश्तों में भुगतान पर 50 से 60 प्रतिशत सरचार्ज छूट दी जा रही है।

कंपनी ने पात्र उपभोक्ताओं से योजना समाप्त होने से पहले इसका लाभ लेने की अपील की है।

लाखों उपभोक्ताओं को मिल चुका लाभ

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अब तक पश्चिम मप्र में करीब 7 लाख 16 हजार उपभोक्ता समाधान योजना का लाभ ले चुके हैं। इन उपभोक्ताओं को लगभग पौने 30 करोड़ रुपये की सरचार्ज रियायत दी जा चुकी है।

यहां कर सकते हैं संपर्क

योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता:

अपने नजदीकी बिजली जोन या वितरण केंद्र

अथवा कंपनी के पोर्टल mpwz.co.in पर संपर्क कर सकते हैं।

कंपनी ने सभी बकायादार उपभोक्ताओं से अंतिम दिन का लाभ उठाने की अपील की है।


By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 20+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।