एयर इंडिया की सेवा पर शिवराज सिंह चौहान की नाराज़गी, कांग्रेस का तंज
इंदौर, 22 फरवरी 2025: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एयर इंडिया की सेवाओं पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें भोपाल से दिल्ली की फ्लाइट (AI436) में यात्रा करनी थी। बोर्डिंग के बाद उन्हें सीट संख्या 8C आवंटित की गई, जो पहले से ही टूटी और अंदर धंसी हुई थी, जिससे बैठना असुविधाजनक था।
जब उन्होंने इस संबंध में विमान कर्मचारियों से सवाल किया, तो उन्हें बताया गया कि प्रबंधन को पहले ही सूचित कर दिया गया था कि यह सीट खराब है और इसे बुक नहीं किया जाना चाहिए। इसके बावजूद इस सीट का टिकट बेचा गया। चौहान ने यह भी उल्लेख किया कि विमान में ऐसी और भी कई सीटें थीं, जो यात्रियों के लिए असुविधाजनक थीं।https://x.com/ChouhanShivraj/status/1893171300430225624

यात्रा के दौरान सहयात्रियों ने उन्हें सीट बदलने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने किसी अन्य यात्री को परेशानी न देने का निर्णय लिया और उसी टूटी हुई सीट पर यात्रा पूरी की। उन्होंने कहा कि टाटा प्रबंधन के अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया की सेवा बेहतर होने की उम्मीद थी, लेकिन यह भ्रम साबित हुआ।
चौहान ने यह ट्वीट 22 फरवरी को सुबह करीबन 11 बजे किया। इसके बाद एक घंटे बाद ही कॉंग्रेस ने चौहान के ट्वीट को रिट्वीट किया। और इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण हर क्षेत्र में अव्यवस्था फैली हुई है। कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा—https://x.com/INCIndia/status/1893187324093350104
“मोदी सरकार ने हर सेक्टर का भट्ठा बैठा दिया है। रेल में यात्री परेशान हैं, प्लेन में यात्री परेशान हैं। लोग शिकायत करते रहते हैं, वीडियो बनाते रहते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। अब शिवराज जी को दिक्कत हुई है तो ट्वीट कर रहे हैं, हो सकता है इसपर एक्शन भी लिया जाए। लेकिन हालात सुधरने वाले नहीं हैं, क्योंकि कोई भी सिस्टम ऊपर से ठीक होता है। और ऊपर तो ‘सब चंगा सी’ का ढोल पीटने से ही फुर्सत नहीं। लोग परेशानी झेलते हैं।”

अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर एयर इंडिया और सरकार की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या यात्रियों की सुविधा में कोई सुधार किया जाएगा।