कल सुबह 8 बजे से होगी मतगणनाकल सुबह 8 बजे से होगी मतगणना

कल सुबह 8 बजे से होगी मतगणना

इंदौर

3 दिसंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके पहले पोस्टल बैलेट की गणना होगी।  कर्मचारियों को सुबह 7 बजे मतगणना स्थल नेहरू स्टेडियम रिपोर्टिंग का समय दिया गया है।  सुबह 12 बजे से रुझान आना शुरू हो जाएँगे। शाम 8 बजे तक पूरे परिणाम घोषित हो सकते हैं।

 जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि इंदौर की 9 विधान सभा के मतों की गिनती की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इंदौर जिले की 9 विधान सभाओं के लिए 145 टेबलें लगाई गई हैं। विधान सभा 5 मतदाता के लिहाज से सबसे बड़ी विधान सभा है। यहाँ जल्दी गणना के लिए सर्वाधिक 20 टेबलें लगाई गई हैं। विधान सभा 3 मतदाता के लिहाज से सबसे छोटी विधान सभा है। यहाँ के परिणाम सबसे पहले घोषित होंगे। राउ विधान सभा में सबसे ज्यादा 23 राउंड होंगे। सबसे कम राउंड विस 3 में 14 राउंड होंगे। सांवेर में 16 टेबल लगाई गई हैं। प्राप्त वोटों की गिनती का चार्ट जल्द से जल्द आरओ टेबल पर पहुँचने की व्यवस्था की है। इसके लिए हर विस् में 4-4 फोटो कॉपी मशीन भी रखी गई हैं, जिससे एजेंट को यह पत्रक जल्द दिया जा सके।

अधिकृत पास से होगा प्रवेश

सभी का प्रवेश प्राधिकृत पास के आधार पर ही होगा। मीडिया को कवरेज के लिए मीडिया सेंटर बनाया गया है। यहाँ बड़ी एलईडी स्क्रीन होगी जहां पर राउंड वार परिणाम प्रदर्शित किया जाएगा। मीडिया के वाहनों के लिए प्रवेश स्टेट बैंक ऑफ इंडिया वाले गेट से होगा। एनसीसी गेट से सांवेर, देपालपुर, विस -3 व विस -4 जबकि मुश्ताक अली गेट से राऊ, महू, विस -1, विस -2 व विस -5 के मतगणना एजेंट का प्रवेश होगा। एजेंट व प्रतिनिधियों की पार्किंग जिमखाना ग्राउंड व बंगला नंबर 4 पर रहेगी। 

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार, आरटीआई कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक 15+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (UNI) से जुड़े। स्वतंत्र विश्लेषक, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर गहरी पकड़। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta यूट्यूब चैनल और NewsO2.com से जुड़े। 📌 निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।