इंदौर । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस पर राज्य की कृषि क्षेत्र में उपलब्धियां बताते हुए कहा कि देश की कुल जैविक खेती का 40 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र मध्य प्रदेश में है और जैविक खेती के क्षेत्र में मध्यप्रदेश का देश में प्रथम स्थान है। 

चौहान ने यहां जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा मध्य प्रदेश सिंचाई क्षेत्र निरंतर बढ़ रहा है। अब तक 43 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता निर्मित हो चुकी है और इसे 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सिंचाई क्षमता का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने सिंचाई प्रबंधन में किसानों की भागीदारी को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जा रहा है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक नल का शुद्ध जल पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है। अब तक 4 हजार 883 करोड़ रुपए की लागत से 45 लाख 80 हजार घरों में नल कनेक्शन लगाए जा चुके हैं।प्राकृतिक कृषि को खेती की असली ताकत बनाने के लिए राज्य सरकार ने तेजी से काम करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना के उपयोग में मध्य प्रदेश,देश में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से प्रत्येक पात्र किसान को वर्ष में 10 हजार रु की अनुदान सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विगत 22 माह में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्रदेश के किसानों के खातों में 1 लाख 52 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है। प्रदेश की 137 उद्यानिकी नर्सरियों का पीपीपी आधार पर सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा सहकारिता, पशुपालन और मछली पालन के क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों एवं रोज़गार को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 14 हजार 428 करोड़ रुपए की राशि के फसल ऋण वितरित किए गए हैं, जो गत वर्ष से 9 प्रतिशत अधिक है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।