वीर अलीजा सरकार का अद्भुत श्रृंगार, संतानेश्वर महादेव में वैदिक पूजन
इंदौर, 28 जुलाई 2025 । सावन के पावन अवसर पर इंदौर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में सामाजिक एकता और सनातन मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से उभर रहा है। एक ओर जानापाव तक निकाली जाने वाली शिव-परशुराम कावड़ यात्रा सर्वसमाज की सहभागिता का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर वीर अलीजा सरकार हनुमान मंदिर में दिव्य श्रृंगार और संतानेश्वर महादेव में सावन माहभर चल रहे वैदिक पूजन अनुष्ठानों ने भक्तों की आस्था को गहराया है।
शिव परशुराम यात्रा बनी सामाजिक समरसता का माध्यम
सभी वर्गों की भागीदारी से निकलेगी कार कावड़ यात्रा, पांच नदियों के जल से होगा अभिषेक
विश्व ब्राह्मण समाज संघ द्वारा 3 अगस्त को भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव तक शिव-परशुराम कार कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। हंसदास मठ पर आयोजित प्रारंभिक बैठक में सर्व समाज की सहभागिता का संकल्प लिया गया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेंद्र महंत ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा से पूर्व नर्मदा, शिप्रा, गंभीर, चंबल सहित पांच पवित्र नदियों का जल एकत्र कर कलश में रखकर जानापाव स्थित प्राचीन शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा। यात्रा इंदौर के प्रमुख चौराहों से होती हुई राऊ-महू के रास्ते जानापाव पहुंचेगी। बैठक में पं. विजय बोडखा, पं. पवन दास शर्मा, अर्पणा जोशी सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

