माता-पिता और बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराना सबसे बड़ा पुण्य : मंत्री सिलावट
इंदौर, 07 सितम्बर 2025
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत रविवार को 200 बुजुर्ग यात्रियों का जत्था रामेश्वरम के लिए रवाना हुआ। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने यात्रियों का स्वागत कर उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर विदा किया।
मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान कर रही है। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को वाराणसी, रामेश्वरम, मथुरा, वृंदावन, अमृतसर, वैष्णोदेवी जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले की नौ विधानसभाओं के 200 यात्रियों में सांवेर क्षेत्र के 27 यात्री भी शामिल हैं।
एक ही छत के नीचे इंदौर के डॉक्टर्स ने किया 4,233 मरीजों का उपचार
धार/इंदौर, 07 सितम्बर 2025
इंदौर सम्भागायुक्त दीपक सिंह की पहल पर रविवार को धार जिले के टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ। यह दूसरे वर्ष का पाँचवाँ शिविर था।
शिविर में इंदौर के मेडिकल कॉलेज, इंडेक्स, अरविंदो, सीएचएल, गुजरात के धीरज हॉस्पिटल, बड़वानी और धार जिले के चिकित्सा विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से सेवाएँ दीं। कुल 4,233 मरीजों का उपचार किया गया।
