इंदौर, 15 मई 2026 : देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर में 16 मई से 21 मई 2026 तक आयोजित होने वाली 66वीं ग्रीष्मकालीन व्याख्यानमाला में देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित वक्ता समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। व्याख्यानमाला का आयोजन प्रतिदिन शाम 6 बजे जाल सभागृह, साउथ तुकोगंज, इंदौर में किया जाएगा।
व्याख्यानमाला का उद्घाटन शनिवार, 16 मई को राज्यसभा सदस्य एवं विचारक इमरान प्रतापगढ़ी के व्याख्यान से होगा। वे “नया भारत नई सोच” विषय पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
रविवार, 17 मई को राज्यसभा सदस्य प्रो. मनोज कुमार झा “राजनीति की भाषा और भाषा की राजनीति” विषय पर संबोधित करेंगे। सोमवार, 18 मई को भाजपा मध्यप्रदेश एवं एमएलसी उत्तरप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह “भारत दृष्टि-2047” विषय पर व्याख्यान देंगे।
मंगलवार, 19 मई को वीरता पदक विजेता, कवि एवं लेखक लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज कुमार सिन्हा (सेवानिवृत्त) “सफलता के मायने व जीवन का लक्ष्य” विषय पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
बुधवार, 20 मई को समाजशास्त्री एवं पर्यावरणविद् प्रो. श्यामसुंदर ज्याणी “पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक भागीदारी” विषय पर विचार रखेंगे।
व्याख्यानमाला का समापन गुरुवार, 21 मई को पूर्व कुलपति महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय लेफ्टिनेंट जनरल श्रीमती माधुरी कानिटकर (सेवानिवृत्त) के व्याख्यान से होगा। उनका विषय “विकसित भारत और नारी नेतृत्व” रहेगा।
आयोजकों ने नागरिकों से समय से 15 मिनट पूर्व पहुंचकर अपना स्थान ग्रहण करने एवं व्याख्यान के दौरान मोबाइल फोन बंद रखने का आग्रह किया है। साथ ही व्याख्यानमाला के नियमित निमंत्रण के लिए नाम, पता, फोन नंबर एवं ई-मेल ड्रॉप बॉक्स में दर्ज कराने की अपील भी की गई है। 16 से 21 मई तक जाल सभागृह में होगा आयोजन, राजनीति, पर्यावरण, राष्ट्र निर्माण और नारी नेतृत्व जैसे विषयों पर होंगे व्याख्यान
