मध्यस्थता एवं लोक अदालत जागरूकता के लिए उच्च न्यायालय परिसर से मैराथन एवं रैली का आयोजन

इंदौर,02 मार्च 2025। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर में आज मध्यस्थता एवं लोक अदालत जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। रविवार, 02 मार्च 2025 की सुबह न्यायपालिका, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों की उपस्थिति में इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने मैराथन एवं रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के अध्यक्ष न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा, उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति इंदौर के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया सहित अन्य वरिष्ठ न्यायाधीश, अधिवक्ता, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

निर्धारित मार्ग पर संपन्न हुई मैराथन

प्रिंसिपल रजिस्ट्रार/सचिव अनूप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह मैराथन उच्च न्यायालय खंडपीठ परिसर, इंदौर से प्रारंभ होकर लेन्टर्न चौराहा, जंजीरवाला चौराहा, इंडस्ट्री हाउस, गीता भवन, मधुमिलन चौराहा, रीगल चौराहा होते हुए वापस उच्च न्यायालय परिसर में संपन्न हुई।

इस आयोजन का उद्देश्य मध्यस्थता और लोक अदालतों की उपयोगिता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था, जिससे लोग अपने विवादों को शीघ्र और सुगमता से निपटाने के लिए वैकल्पिक समाधान विधियों को अपनाने के प्रति प्रेरित हों।

विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी

इस मैराथन में न्यायाधीशगण, प्रशासनिक अधिकारीगण, पुलिस अधिकारीगण, अधिवक्ता, सामुदायिक मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, फोर्स अकादमी के विद्यार्थी तथा लॉ कॉलेज के छात्र शामिल हुए।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर कलेक्टर राजेंद्र सिंह रघुवंशी और रोशन राय सहित अन्य एसडीएम एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *