संविधान बचाओ अभियान: उमंग सिंघार ने इंदौर में की प्रेसवार्ता, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इंदौर, 26 अप्रैल 2025:
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने शनिवार को इंदौर स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के ‘संविधान बचाओ अभियान’ की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा नागरिकों के अधिकारों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। जनता को इन हमलों से बचाने के लिए कांग्रेस ने यह अभियान शुरू किया है, जो 25 अप्रैल से 30 मई तक चार चरणों में चलेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह केवल कांग्रेस का आंदोलन नहीं, बल्कि हर उस नागरिक की आवाज़ है, जो संविधान में विश्वास रखता है। सिंघार ने कहा कि सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक न्याय को बचाना आज समय की जरूरत है। उन्होंने जातिगत जनगणना, निजी शिक्षण संस्थानों में आरक्षण, आरक्षण की सीमा बढ़ाने और किसानों के लिए एमएसपी को कानूनी दर्जा देने जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र को कुचल रही है, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला, सच उजागर करने वाले पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है और विपक्ष की आवाज़ दबाई जा रही है। प्रेसवार्ता में आदिवासी और दलित समुदायों पर अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई, और जनगणना 2021 को टाले जाने जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।

प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, मुख्य प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम, वरिष्ठ नेता अजय बागड़िया समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उमंग सिंघार ने कहा, “यह अभियान संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय आह्वान है।”

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *