वीर अलीजा सरकार का अद्भुत श्रृंगार, संतानेश्वर महादेव में वैदिक पूजन

इंदौर, 28 जुलाई 2025 । सावन के पावन अवसर पर इंदौर में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में सामाजिक एकता और सनातन मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी प्रमुखता से उभर रहा है। एक ओर जानापाव तक निकाली जाने वाली शिव-परशुराम कावड़ यात्रा सर्वसमाज की सहभागिता का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर वीर अलीजा सरकार हनुमान मंदिर में दिव्य श्रृंगार और संतानेश्वर महादेव में सावन माहभर चल रहे वैदिक पूजन अनुष्ठानों ने भक्तों की आस्था को गहराया है।


शिव परशुराम यात्रा बनी सामाजिक समरसता का माध्यम

सभी वर्गों की भागीदारी से निकलेगी कार कावड़ यात्रा, पांच नदियों के जल से होगा अभिषेक

विश्व ब्राह्मण समाज संघ द्वारा 3 अगस्त को भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव तक शिव-परशुराम कार कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। हंसदास मठ पर आयोजित प्रारंभिक बैठक में सर्व समाज की सहभागिता का संकल्प लिया गया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. योगेंद्र महंत ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है।
यात्रा से पूर्व नर्मदा, शिप्रा, गंभीर, चंबल सहित पांच पवित्र नदियों का जल एकत्र कर कलश में रखकर जानापाव स्थित प्राचीन शिवलिंग का अभिषेक किया जाएगा। यात्रा इंदौर के प्रमुख चौराहों से होती हुई राऊ-महू के रास्ते जानापाव पहुंचेगी। बैठक में पं. विजय बोडखा, पं. पवन दास शर्मा, अर्पणा जोशी सहित विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


प्राकृतिक झांकी के साथ भक्तों की उमड़ी श्रद्धा, सावनभर चलेगा अभिषेक पूजनदौर के पश्चिम क्षेत्र स्थित वीर अलीजा सरकार हनुमान मंदिर में हनुमानजी को पित्रेश्वर स्वरूप में अद्भुत श्रृंगार कर सजाया गया। स्वर्ण परतों से सजे इस रूप के दिव्य दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर के गादीपति पवनानंद महाराज ने बताया कि सज्जा का कार्य रविवार रात्रि से ही शुरू हो गया था।
इसी परिसर में स्थित संतानेश्वर महादेव मंदिर में सावन भर चल रहे अभिषेक पूजन में आज विशेष श्रृंगार व मंत्रोचार हुआ। संस्कृत विद्यापीठ के बटुक व आचार्यगण वैदिक विधि से पूजन कर रहे हैं। सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी रही।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।