सरकार बदली, दो मुख्यमंत्री बदले लेकिन नहीं भरा मप्र महिला आयोग अध्यक्ष का पद
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष दो दिवसीय प्रवास पर इंदौर में
इंदौर। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने शुक्रवार को मप्र के इंदौर स्थित रेजीडेंसी कोठी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में स्वीकार किया कि मध्य प्रदेश महिला आयोग पिछले पाँच वर्षों से अध्यक्ष और सदस्य के अभाव में कार्य कर रहा है।
मप्र में 5 साल से मप्र महिला आयोग अध्यक्ष का पद खाली है, ये कब भरा जाएगा, जिसके जवाब में उन्होने स्वीकार करते हुए कहा कि यहाँ अभी महिला अध्यक्ष और सदस्य नहीं हैं। स्वाभाविक रूप में महिलाओं के लिए यह एक बहुत अच्छा मंच है, जहां जाकर वे न्याय मांगे। उन्होने आगे कहा कि इस विषय में वे जरूर मप्र सरकार से संपर्क और समन्वय करेंगीं और तुरंत नियुक्ति करने के लिए आग्रह करेंगीं। उन्होने कहा कि इसके पूर्व भी हम सरकार से यह पद भरने का संवाद कर चुके हैं। उन्होने आश्वासन दिया कि एक बार फिर वे सरकार से बात कर इस पद को जल्द भरवाने का प्रयास करेंगी।
गौरतलब है, मध्य प्रदेश महिला आयोग में लम्बे समय से नेतृत्वहीनता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। शिकायतों के निस्तारण और संवेदनशील मामलों पर संस्थागत हस्तक्षेप में यह रिक्ति एक बड़ी बाधा मानी जा रही है। आपको बता दें इसके पहले पूर्ववर्ती कॉंग्रेस की कमलनाथ सरकार में कॉंग्रेस नेत्री शोभा ओझा इस पद पर बनी थीं, लेकिन मार्च 2020 में मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से यह पद रिक्त है।
श्रीमती रहाटकर ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। इसके पहले उन्होने रेजीडेंसी कोठी में महिलाओं के लंबित चिन्हित मामलों की जनसुनवाई की साथ ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा की।
