सतना में संक्रमित रक्त चढ़ाने का मामला: ब्लड बैंक प्रभारी व दो लैब टेक्नीशियन निलंबित

भोपाल | 19 दिसंबर 2025

सतना जिले में संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने के गंभीर प्रकरण में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई आयुष्मान भारत के सीईओ डॉ. योगेश भरसट की अध्यक्षता में गठित सात सदस्यीय जांच समिति की प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद जिला चिकित्सालय सतना के ब्लड बैंक प्रभारी एवं दो लैब टेक्नीशियनों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित अधिकारियों में
डॉ. देवेन्द्र पटेल (पैथोलॉजिस्ट एवं ब्लड बैंक प्रभारी),
राम भाई त्रिपाठी तथा
नंदलाल पांडे (लैब टेक्नीशियन) शामिल हैं।

इसके साथ ही जिला चिकित्सालय सतना के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. मनोज शुक्ला को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन 16 दिसंबर 2025 को किया गया था। समिति के अध्यक्ष डॉ. योगेश भरसट (आईएएस), संचालक राज्य रक्ताधान परिषद (SBTC) हैं। समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।