भोपाल GIS में 32 लाख करोड़ के MOU हुए

इंदौर |,20 दिसंबर 2025: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल माहौल, संसाधन और नीतिगत सहयोग उपलब्ध है। नव उद्यमी नवाचार, स्पष्ट सोच और सामाजिक दायित्व के साथ प्रदेश में निवेश करें, राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी।
इंदौर में आयोजित YEF भारत समिट 2025 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार उद्योग विभाग को सीधे मुख्यमंत्री स्तर पर प्राथमिकता दी गई है, जिससे निवेश संबंधी निर्णय तेजी से होंगे और निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “उद्योग से जीवन संवारने” की नीति के तहत प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 32 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से 6 लाख करोड़ रुपये के निवेश का भूमिपूजन हो चुका है।
25 दिसंबर को 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश का एक साथ भूमिपूजन और लोकार्पण प्रस्तावित है।
डॉ. यादव ने जल संसाधन क्षेत्र में पीकेसी योजना और नदी जोड़ो अभियान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पड़ोसी राज्यों के साथ जल-साझेदारी से सौहार्द का नया अध्याय शुरू हुआ है। वहीं ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में ग्रीनको परियोजना को रिकॉर्ड समय में आगे बढ़ाने को प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भारत की प्रगति का आधार Dreamers, Doers और Disrupters हैं। उन्होंने कहा कि साहसिक सोच, धैर्य और निरंतर प्रयास ही उद्यमिता की असली ताकत है।
समिट में देशभर से आए युवा उद्यमियों और विशेषज्ञों ने नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विचार साझा किए।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।