इंदौर में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर उपराष्ट्रपति ने कहा—अटल जी ने दिखाया कि राजनीति सिद्धांतों से भी की जा सकती है
इंदौर, 21 दिसंबर 2025: उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी आधुनिक और आत्मविश्वासी भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने सिद्धांतों और मूल्यों से राजनीति को नई गरिमा दी और यह साबित किया कि नेतृत्व का अर्थ सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी संवाद, समावेशी विकास और मानवीय शासन में विश्वास रखते थे। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और शालीनता के साथ संवाद की परंपरा स्थापित की, जिसके कारण उनकी जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उपराष्ट्रपति ने रविवार 21 दिसंबर को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में ‘अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह में संबोधित करते हुए कहा ।
झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड राज्यों का गठन दूरदर्शी निर्णय
उपराष्ट्रपति ने कहा कि अटल जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड राज्यों का गठन दूरदर्शी निर्णय था। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और गोल्डन क्वाड्रिलैटरल जैसी योजनाओं ने देश के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों के बाद भारत एक आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि अटल जी की सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा का अनावरण भी किया और इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने पर बधाई दी। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

