मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग
इंदौर, 11 जनवरी 2026: भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार होने के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को बड़ा गणपति से राजबाड़ा तक न्याय यात्रा निकाली। यात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
यात्रा के दौरान लोगों के हाथों में तिरंगा था और भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग करते हुए “मंत्री इस्तीफा दो” के नारे लगाए। कई लोगों ने तख्तियां थाम रखी थीं, जिन पर लिखा था— “सिस्टम सोता रहा”, “ये हादसा नहीं, हत्या है”, “आंसू सबूत हैं” और “न्याय चाहिए, आश्वासन नहीं”।
न्याय यात्रा की खास बात इसका व्यवस्थित आयोजन रहा। यात्रा को 5 घेरों में विभाजित किया गया था। पहले घेरे में सेवादल, दूसरे में महिला कांग्रेस, उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ कॉंग्रेस नेता तथा अंतिम घेरे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल रहे।
यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, सचिन यादव, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, शोभा ओझा, अर्चना जायसवाल, मीनाक्षी नटराजन, झूमा सोलंकी सहित अन्य नेता शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दूषित जल आपूर्ति के बावजूद प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए, जिससे निर्दोष लोगों की जान गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, मंत्री का इस्तीफा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव का इस्तीफा और सीएम मोहन यादव द्वारा माफी मांगे जाने की मांग दोहराई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।
