इंदौर | स्वर्णिम फ़ाउंडेशन, फेसेस ऑफ टूमारो अमेरिका, वर्मा यूनियन हॉस्पिटल एवं स्थानकवासी जैन कॉन्फ़्रेंस के संयुक्त तत्वावधान में 8 फरवरी को आयोजित होने वाले नि:शुल्क प्लास्टिक सर्जरी कैंप के पोस्टर का विमोचन किया गया।

पोस्टर का विमोचन इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्वर्णिम फ़ाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र कुमार जैन, अश्विनी वर्मा, मुख्य संयोजक श्रीमती रेखा जैन एवं विवेक जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

आयोजकों ने जानकारी दी कि यह शिविर विशेष रूप से कटे-फटे होंठ एवं चिपके हुए तालू (क्लैफ्ट लिप एंड पैलेट) से पीड़ित बच्चों के लिए आयोजित किया जा रहा है। कैंप में अमेरिका से आए विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जनों द्वारा पूर्णतः नि:शुल्क सर्जरी की जाएगी।

इस अवसर पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों से अधिक से अधिक पात्र बच्चों को 8 फरवरी को सुबह 9 बजे कैंप स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुँचाना सुनिश्चित करें, ताकि जरूरतमंद बच्चे इस सेवा का लाभ उठा सकें।

डॉ. खाड़े ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के वंचित वर्ग के लिए आशा की किरण होते हैं। वहीं आयोजक संस्थाओं ने जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं समाजसेवियों से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राहुल छजलानी ने आभार व्यक्त किया।

By Jitendra Singh Yadav

जितेंद्र सिंह यादव वरिष्ठ पत्रकार | आरटीआई कार्यकर्ता | राजनीतिक विश्लेषक 20+ वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, UNI से जुड़े। Save Journalism Foundation व इंदौर वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के संस्थापक। Indore Varta और NewsO2.com से जुड़े। निष्पक्ष पत्रकारिता व सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित।