इंदौर, 4 मार्च 2026।
इंदौर एयरपोर्ट के गैर प्रचालन क्षेत्र में बुधवार शाम सूखी घास में आग लगने की घटना सामने आई। आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एडीएम रोशन राय सहित प्रशासनिक अधिकारी और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। इसके बाद राहत एवं आग नियंत्रण कार्य शुरू किया गया।
एयरपोर्ट फायर सर्विस और नगर निगम के अग्निशमन दल के संयुक्त प्रयास से लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
एडीएम रोशन राय के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है। आग केवल गैर प्रचालन क्षेत्र में फैली सूखी घास तक ही सीमित रही। इसका असर न तो आसपास के रहवासी क्षेत्र पर पड़ा और न ही एयरपोर्ट के संचालन पर कोई प्रभाव पड़ा।
जिला प्रशासन और एयरपोर्ट प्रबंधन की तत्परता के चलते स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया
