इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया में होगा शामिल

भोपाल/उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कहा है कि उज्जैन जिले का बड़नगर अब इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया का हिस्सा बनेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह बात शुक्रवार को अपने निवास स्थित समत्व भवन में बड़नगर विधानसभा क्षेत्र से आए नागरिकों से मुलाकात के दौरान कही।

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग बड़नगर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास की इस गति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बड़नगर क्षेत्र पर बाबा महाकाल सहित चंबल, शिप्रा और गंभीर नदियों का आशीर्वाद है और यह क्षेत्र आने वाले समय में विकास के नए अवसरों से जुड़ेगा।

डॉ. यादव ने बताया कि गंभीर डैम के पास से नागदा होते हुए निकलने वाला नया दो लेन मार्ग उज्जैन, बड़नगर और रतलाम के बीच संपर्क को और बेहतर बनाएगा। इस सड़क के बनने से रतलाम की दूरी करीब 40 किलोमीटर कम हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग का लाभ सिंहस्थ 2028 के आयोजन में भी मिलेगा, जिससे श्रद्धालुओं और यात्रियों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही उज्जैन में प्रस्तावित विमानतल बनने से भी बड़नगर और आसपास के क्षेत्रों को फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से आने वाले समय में रतलाम के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात से भी बड़नगर का संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के समग्र विकास के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र में संचालित गौशालाओं के लिए नरवाई प्रबंधन की मशीनें उपलब्ध कराने हेतु स्वेच्छानुदान से अंश राशि देने की घोषणा भी की।