गैस बुकिंग और रिफिल का काम जारी रहेगा

इंदौर। शहर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर Shivam Verma के निर्देश पर रविवार को भी सभी गैस एजेंसियों के कार्यालय खुले रहेंगे और गैस बुकिंग तथा रिफिल का कार्य सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा।

जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि सभी सेल्स ऑफिसरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि रविवार को कोई भी गैस एजेंसी बंद न रहे। एजेंसी संचालकों और उनकी टीमों को पूर्ण क्षमता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने एजेंसियों को आवश्यक मानव संसाधन, वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की अग्रिम योजना तैयार करने के लिए भी कहा है, ताकि गैस वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिला प्रशासन के अनुसार रविवार को भी गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी जरूरत के अनुसार जारी रहेगी, जिससे सोमवार को अत्यधिक बैकलॉग की स्थिति न बने और उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाया जा सके।

इसके अलावा गैस प्लांट भी रविवार को संचालित रहेंगे। प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से गैस आपूर्ति और वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।