इंदौर, 22 मार्च (न्यूज़ओ2) शहर में अपराध नियंत्रण के तहत चल रही हॉटस्पॉट चेकिंग के दौरान पुलिस थाना भंवरकुआं ने अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (जोन-04) आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (जूनी इंदौर) विजय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना भंवरकुआं क्षेत्र में लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 21 मार्च को सघन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश टांक (20) और नितेश घावरी (22), निवासी भूरी टेकरी, थाना कनाडिया, इंदौर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से अवैध हथियार के स्रोत के संबंध में पूछताछ जारी है, जिसमें और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी भंवरकुआं सहित पुलिस टीम के उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश कलेश, आरक्षक अंकित सिंह भदौरिया, विनीत राजपूत, शैलेन्द्र, रविकांत शर्मा और शिवपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।