शासकीय अस्पतालों में मृत्यु होने पर अब परिजनों को नहीं होगी परेशानी, घर तक निःशुल्क पहुंचाया जाएगा शव

इंदौर, 02 अप्रैल 2026

इंदौर जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण जनहित पहल करते हुए निःशुल्क शव-वाहन सेवा शुरू की है। इस सेवा के लिए टोल-फ्री नंबर 155-334 जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर परिजन वाहन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, सभी शासकीय अस्पतालों में इलाज के दौरान यदि किसी मरीज या दुर्घटना पीड़ित की मृत्यु हो जाती है, तो उनके शव को सम्मानपूर्वक उनके परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत शव को निःशुल्क उनके निवास स्थान तक ले जाया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ माधव हसानी ने बताया कि यह सुविधा जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों—मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC)—में लागू रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह सेवा जिले की सीमा के भीतर मृतक के निवास, मुक्तिधाम या कब्रिस्तान तक उपलब्ध रहेगी। परिजन टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर आसानी से वाहन बुला सकते हैं।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है।