महापौर ने 277 बिन्दुओं का 193 पन्नों का बजट किया पेश

इंदौर, 30 जुलाई 2024

मध्य प्रदेश की सर्वाधिक बजट वाली इंदौर नगर पालिक निगम का आज मंगलवार से बजट सत्र शुरू हुआ। 85 पार्षदों वाली इंदौर नगर निगम में दो दशक से अधिक समय से भारतीय जनता पार्टी काबिज है। सत्र 2024-25 के लिए निगम ने आठ हजार से अधिक करोड़ का बजट तैयार किया है। बजट सत्र के दौरान मुख्य विपक्ष कांग्रेस ने निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और बजट में प्रस्तावित नए कर ग्रीन सेस और जल कर में वृद्धि किए जाने जैसे बजट प्रस्तावों का विरोध किया और काले कपड़े पहनकर और नारे लगाते हुए जमकर हँगामा किया। हँगामा बढ़ता देख निगम सभापति मुन्नालाल यादव ने विपक्ष के पार्षदों को एक दिन के लिए निलंबित कर दिया है। दरअसल कांग्रेस पार्षदों का पारा उस वक्त आसमान चढ़ा जब उन पर भाजपा पार्षद जीतू यादव द्वारा गुंडागर्दी के आरोप लगाए गए और उसके पहले मुस्लिम लीग होने के आरोप लगाए गए। इसके बाद विपक्ष के पार्षद सदन से बाहर निकल कर नारेबाजी करते रहे।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बजट में 8302. 46 करोड़ की आय और 8232.26 करोड़ के व्यय का बजट पेश किया। जबकि वर्ष 2022-23 में 747327 करोड़ का बजट पेश किया गया था। महापौर ने बजट में 277 बिन्दुओं को शामिल करते हुए 193 पन्नों का बजट पेश किया है।

बजट की खास बातें:-

जल कर में वृद्धि, संपत्ति कर पर 2 प्रतिशत ग्रीन सेस लगाया

जल कर पर अधिकतम 100 रु बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। सम्पत्ति कर में 7 रु, रेजिडेंशियल में 2 रु बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। कचरा शुल्क में वृद्धि नहीं लेकिन बल्क कचरा कलेक्शन में 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। ग्रीन सिटी इंदौर के लिए संपत्ति कर पर 2 प्रतिशत ग्रीन सेस के नाम पर लिए जाएँगे।

सिटी बस के किराये में छूट

आशा उषा बहनों, सुपर वाइजर महिलाओं को सिटी बस की यात्रा के किराये में 75 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। कोचिंग जाने वाले स्टूडेंट्स को aictsl की बस में 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है।

निगम के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से 1000 लोगों की भर्ती होगी।

शहर में रूफ टॉप को बढ़ाया दिया जाएगा। बेस्ट रुफ टॉप प्रतियोगिता आयोजित होगी। सर्वश्रेष्ठ को पुरुष्कृत किया जाएगा।

महापौर ने कहा हम सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त पहले ही घोषित हो चुके है। 2 अक्टूबर 2024 तक शेष काम पूरा करेंगे।

150 डोर टू डोर वाहन अगले दो हफ्ते में उपलब्ध करा देंगे।

अमृत 2.0 योजना में 22.25 करोड़ की लागत से बिलावली और अन्य तालाब का जीर्णोंद्धार कराया जायेगा। बिलाबली तालाब में पीपीपी मॉडल के आधार पर बोटिंग, लाइट साउंड सिस्टम लगाएंगे। अगस्त में टेंडर निकालेंगे।

सौर मित्र अभियान के माध्यम से 8000 स्थानों पर सोलर सिस्टम लगाए गए जिससे 53 मेगा वाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।

एक वर्ष तक ई रिक्शा को निर्धारित स्थानों से मुफ्त चार्जिंग सुविधा देंगे।

150 चौराहों पर वाई फाई युक्त करने का काम जारी है।

डिजिटल पता qr कोड जारी किया जाएगा। पूरे शहर का डिजिटल पता क्रिएट करेंगे।

जल कर वर्षों से पुराना बकाया 5 अगस्त से वसूला जाएगा। वन टाइम स्कीम में 50 प्रतिशत भर कर जल कर माफ़ कराएं।

निगम स्वयं की टाउन प्लानिंग स्कीम लाकर आत्म निर्भर बनेगा।

स्वास्थ्य में योग मित्र अभियान के अंतर्गत योग शिक्षक की नियुक्ति प्रक्रिया जारी है। हर वार्ड में संजीवनी क्लिनिक, पहली 5 संजीवनी क्लिनिक को जन भागीदारी के मॉडल पर संचालित होंगी।

महापौर ने कहा जल प्रबंधन घर घर पहुंचना मैं जिम्मेदारी से स्वीकार करता हूं कि एक चुनौती है। नर्मदा के चौथे चरण का काम प्रारम्भ है। अमृत परियोजना में 1800 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 35 पानी की नवीन टंकियों का निर्माण किया जाएगा।

सराफा चौपाटी को परंपरागत तरीके से विकसित किया जायेगा। बढ़ते इंदौर को देखते हुए चार स्थानों के पास चाट चौपाटी विकसित की जायगी। गरीबों को 5 रु भर पेट भोजन की सुविधा जारी है। वन इंदौर वन टैक्स हो। जनवरी 2025 से पोर्टल के माध्यम से शुरुआत करेंगे।

दिन में स्ट्रीट लाइट जलने की शिकायत मिलती थी, इन्हें एलईडी से रिपलेस कर दिया गया है। इससे 22 करोड़ की बचत हुई है।

महापौर ने कहा सभी ठेकेदार 31 अगस्त के पहले आएं और अपना बचा हुआ पैसा ले जाएँ। 2022 तक का बकाया इस वित्त वर्ष में चुका देंगे। प्रधानमंत्री आवास बनाएंगे। चलित पाठशाला बनाएंगे। निगम की किराए से दी दुकानों के दुकान दारों से जो अनुबंध था, उसी अनुसार किराया लिया जाएगा और 2 प्रतिशत अनुबंध के हिसाब से बढ़ाया जाएगा। 3 करोड़ का प्रावधान खेल गतिविधियों और अहिल्या उत्सव के लिए किया गया है।

बजट सत्र में इंटर्नशिप विद मेयर प्रोग्राम के भी छात्र शामिल हुए। बी कॉम की छात्र राशि सोनी का दावा है कि उनकी भी सर्वे रिपोर्ट के कुछ बिन्दुओं को बजट में शामिल किया गया। सुनिए क्या कहा राशि सोनी ने:- https://www.facebook.com/100063804135297/videos/1095524765450540

कांग्रेस ने काले कपड़ों में किया विरोध प्रदर्शन देखें वीडियो: https://www.facebook.com/100063804135297/videos/1036298094948797