सतीश जैन,इंदौर, 12 सितंबर 2024 (न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126।  दिगंबर जैन समाज का दस दिवसीय पर्युषण पर्व इस वर्ष 8 सितंबर 2024 से शुरू हो गया है। इस दौरान शहर के सभी जिनालयों में आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष धूम है। दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी और प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि हर वर्ष भाद्रपद पंचमी से अनंत चतुर्दशी तक पर्युषण पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष शुक्रवार, 13 सितंबर को सुगंध दशमी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के सभी जिनालयों में विशेष सजावट की गई है, और कई मंदिरों में संदेशात्मक झांकियां और मंडल जी की सुंदर रचनाएं की गई हैं। सुगंध दशमी पर्व पर समाजजन शहर के अधिक से अधिक मंदिरों में जाकर धूप चढ़ा रहे हैं।

इस समय मंदिरों में प्रतिदिन सुबह से धार्मिक और आध्यात्मिक क्रियाएं जैसे श्री जी का अभिषेक, पूजन, मुनि संघों के प्रवचन चल रहे हैं। इसके साथ ही, दो स्थानों पर श्रावक संस्कार शिविर भी चल रहे हैं। सांयकाल मंदिरों में आरती, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इंदौर में विराजित सभी साधु-साध्वियों को दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद ने कांच मंदिर पर आयोजित कार्यक्रम के लिए श्रीफल भेंट किए हैं।

झांकी और मंडल विजेताओं को करेंगे पुरस्कृत

पाटोदी ने बताया कि झांकी और मंडल जी के विजेताओं को दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद पुरस्कृत करेगी। इसके लिए सुभाष जी सेठिया के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, जो मंदिरों में जाकर विजेताओं के चयन के लिए निर्णय लेगी। 17 सितंबर को पर्युषण पर्व के समापन अवसर पर श्री जी की शोभायात्रा इतवारिया बाजार से प्रारंभ होकर मल्हारगंज, गोराकुंड खजूरी बाजार होते हुए पुनः वही पहुंचेगी। सूर्यास्त पूर्व श्री जी के कलश होंगे।

माणकचंद मगनीराम गोठ के अध्यक्ष कमलेश कासलीवाल और अमित कासलीवाल ने बताया कि इस वर्ष भी कांच मंदिर प्रांगण पर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 18 सितंबर को, मुनि संघ के प्रवचनों के बाद, सूर्यास्त पूर्व श्री जी के कलशाभिषेक होंगे, और तत्पश्चात सामूहिक क्षमा-वाणी पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *