इंदौर, 2 अक्टूबर 2024 (न्यूजओ2 डॉट कॉम)/7724038126। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने श्राद्ध पक्ष के अवसर पर अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। शहर के राज मोहल्ला जोन के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन अधिकारियों का पिंडदान और तर्पण किया, जिन पर स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।

इस अवसर पर शहर कांग्रेस प्रवक्ता संजय बाकलीवाल ने कहा कि इंदौर की स्मार्ट सिटी परियोजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। इसके विरोध में कांग्रेस ने श्राद्ध पक्ष में इन भ्रष्टाचारियों के लिए पिंडदान किया और भगवान से प्रार्थना की कि ऐसे अधिकारियों से जनता को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएं। बाकलीवाल ने कहा, “स्मार्ट सिटी में भ्रष्टाचार चरम पर है, और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को गरुड़ पुराण के अनुसार कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”

कार्यक्रम का आयोजन राज मोहल्ला में किया गया, जहां हवन और आहुति के साथ पिंडदान और तर्पण की रस्में पंडित कमलेश पाठक और मधु गुप्ता द्वारा पूरी कराई गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त और महापौर पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कुंभकरण की नींद में सो रहे हैं, जबकि शहर में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से ये रहे शामिल

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, इम्तियाज बेलिम, शैलेश गर्ग, प्रेम खड़ायता, बद्री शर्मा, सुनील गोधा, धर्मेंद्र वाजपेई, आदित्य जैन सहित अन्य प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *