इंदौर, 6 जून 2025 — इंदौर स्थित राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान (महिला) में शुक्रवार को राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयन्त चौधरी का संदेश पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने कहा कि राजमाता का जीवन सेवा, न्याय और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा है। उन्होंने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा राजमाता के नाम पर एक विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि राजमाता की नीतियां आज ‘उद्यमिता से आत्मनिर्भरता’ के विचार को मजबूती देती हैं। विशेष सचिव एवं महानिदेशक (प्रशिक्षण) श्रीमती त्रिशलजीत सेठी ने संस्थान की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का आयोजन राजमाता के मूल्यों को आधुनिक कौशल विकास के साथ जोड़ता है।

संयुक्त सचिव हेना उस्मान ने बताया कि निस्बड और आईआईई के माध्यम से उद्यमिता के क्षेत्र में 22 हजार से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 2400 से अधिक ने व्यवसाय शुरू किए हैं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति और प्रदर्शनी का आयोजन भी हुआ, जिसमें महिला प्रशिक्षुओं ने अपने उत्पाद और अनुभव साझा किए।

इस आयोजन ने “कुशल नारी, सशक्त भारत” की भावना को साकार करते हुए राजमाता की प्रेरणा को नई पीढ़ी तक पहुँचाया।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *