इंदौर, 25 मार्च 2026
संभागीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनू योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बड़वानी जिले के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक लक्ष्मण सिंह बघेल को निलंबित कर दिया है।

आधिकारिक आदेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को 10 प्रकरणों का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन 24 मार्च 2026 तक पोर्टल पर एक भी प्रकरण बैंक द्वारा स्वीकृत या वितरित नहीं पाया गया। इसे शासन की प्राथमिकता वाली योजना में गंभीर उदासीनता माना गया।

आरोप है कि लगातार मॉनिटरिंग और निर्देशों के बावजूद संबंधित अधिकारी ने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती। इस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, बड़वानी निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।