इंदौर, 26 मार्च 2026

इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र में एक मूक-बधिर व्यक्ति के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित गोविंद यादव ने पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत देकर थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, 24 मार्च को पेट्रोल पंप से घर लौटते समय हीरा नगर थाना प्रभारी ने टीम के साथ उनकी गाड़ी रोकी और बिना कारण कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि वह बोलने और सुनने में असमर्थ है, इसके बावजूद पुलिस ने उसकी स्थिति को नजरअंदाज करते हुए दुर्व्यवहार किया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाना पहुंचने पर भी उसके साथ अभद्र व्यवहार जारी रहा और उसके परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। घटना से आहत पीड़ित और उसके परिवार ने न्याय की मांग की है।

शिकायत में इसे दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का उल्लंघन बताते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।