इंदौर।
भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों को लेकर इंदौर शहर कांग्रेस ने प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है। शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने कलेक्टर शिवम वर्मा को पत्र लिखकर गांधी भवन कांग्रेस कार्यालय में चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।
कांग्रेस का दावा है कि भागीरथपुरा में गंदा पानी पीने से अब तक करीब 23 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना से पूरे देश में इंदौर की छवि को नुकसान पहुंचा है, लेकिन पीड़ित परिवारों को दिया जा रहा मुआवजा बेहद कम बताया जा रहा है।
पत्र में कहा गया है कि मृतकों के सामने आने के बाद भी इलाके के हालात सामान्य नहीं हुए हैं। प्रशासन और नगर निगम के प्रयास भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। सिर्फ भागीरथपुरा ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की पेयजल व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं और कई इलाकों में दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है।
देवेंद्र सिंह यादव ने अपने पत्र में लिखा है कि जिस तरह कलेक्टर सौहार्दपूर्ण माहौल में संघ कार्यालय गए थे, उसी तरह कांग्रेस कार्यालय आकर भी जनहित के इस गंभीर मुद्दे पर चर्चा करें।
भागीरथपुरा जल संकट पर कांग्रेस लगातार सरकार और प्रशासन को घेर रही है। अब कलेक्टर को सार्वजनिक रूप से कांग्रेस कार्यालय बुलाए जाने से इस मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक दबाव और बढ़ गया है।
