‘भारत गौरव’ पर्यटक ट्रेन 15 सितंबर को इंदौर से होगी रवाना, पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और रामलला के होंगे दर्शन
इंदौर, 22 जुलाई 2026 : मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) ने “भारत गौरव” पर्यटक ट्रेन के माध्यम से विशेष धार्मिक यात्रा का आयोजन किया है। यह ट्रेन 15 सितंबर 2026 को इंदौर से रवाना होगी। 10 रात और 11 दिन की इस यात्रा में यात्रियों को पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने आज इंदौर जनसम्पर्क अधिकारी (रेलवे) के साथ प्रेस वार्ता में बताया कि यह ट्रेन इंदौर के अलावा उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर और कटनी स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर, गंगासागर, गया के विष्णुपद मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर तथा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दर्शन करेंगे।
आईआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन श्रेणियों में पैकेज उपलब्ध कराया है—
स्लीपर (इकोनॉमी): ₹19,600 प्रति व्यक्ति
3एसी (स्टैंडर्ड): ₹31,850 प्रति व्यक्ति
2एसी (कंफर्ट): ₹41,900 प्रति व्यक्ति
पैकेज में ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, दर्शनीय स्थलों तक बस से परिवहन, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा तथा हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यात्रा की बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट तथा अधिकृत एजेंटों के माध्यम से की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी के इंदौर, भोपाल, जबलपुर और नागपुर कार्यालयों से भी संपर्क कर सकते हैं।
