इंदौर, 20 अप्रैल 2025: मध्य प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार शाम इंदौर में एक अहम प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार और ईडी पर तीखा हमला बोला।

हरीश चौधरी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के पीछे पड़ी है। इस मामले में 12 साल पुराने केस को अंतिम तारीख पर गैर कानूनी तरह से चार्जशीट के रूप में लाया गया, लेकिन उसे अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया।

उन्होंने कहा, “यह केस पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। ईडी की कार्रवाई का मकसद कांग्रेस और उसके नेताओं को बदनाम करना है। देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। आज बेरोजगारी चरम पर है, अंतरराष्ट्रीय संबंध कमजोर हुए हैं और चीन जैसी चुनौतियां सामने हैं। इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए हर रोज एक नया विवाद खड़ा किया जा रहा है।

लोकसभा ,राज्य सभा मे आवाज़ दबाई जा रही है। संवैधानिक संस्थानों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा देश का दुर्भाग्य है संवैधानिक पद पर बैठे महामहिम उपराष्ट्रपति बिना आधार के बात करते हैं। उनके सांसद निशिकांत दुबे जैसे नेता जब उनके पक्ष में फैसला नहीं होता तो कोर्ट की निष्पक्षता पर वे प्रश्न चिन्ह लगाते हैं और आरोप का स्तर कोई भी देश की आज़ादी के बाद इस तरह का आरोप नहीं लगा जो आरोप पिछले दिनों लगा। वो आरोप भी लगाते हैं और खंडन भी कराते हैं।  देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति बनाई जा रही है।

बहुमत के माध्यम से इन्हें गरुर है। लोकतन्त्र में अकाउंटेबिलिटी होती है, लेकिन इन्हें उसका भी डर नहीं। पूँजीपतियों द्वारा देश का धन लुटाया जा रहा है, वे मत प्रभावित कर लेंगे, इसलिए उन्हें गुरूर है।

ब्यूरोक्रेसी पंगु हो गई –पटवारी  

पटवारी ने इंदौर में निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाते हुए इसे अवैधानिक बताया। पटवारी ने कहा कि घटना के वक्त चिंटू चौकसे वहाँ मौजूद ही नहीं थे। बच्चों की लड़ाई हुई और चाचा के खिलाफ एफआईआर दर्ज होकर अल सुबह 5 बजे गिरफ्तारी भी हो गई। इससे सिद्ध होता है कि ब्यूरोक्रेसी पंगु हो चुकी है, बिक चुकी है। राजनीतिक विद्वेष के चलते कार्रवाई हुई है। इसी तरह गुना में एसपी को हटा दिया क्योंकि उसने भाजपा के दंगाइयों पर कार्रवाई की।

“लाड़ली बहनों से प्रदेश सरकार का दम भर रहा”

पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा  मोदी के सपनों के विपरीत देश चल रहा है। लाडली बहना के वादों को पूरा करने में मप्र सरकार की सांस भरती जा रही है। निवेश के नाम पर प्रोपोगांडा किया जाता है, प्रदेश में कर्ज बढ़ रहा है। मोहन यादव का विजन नहीं है। मेट्रो प्रोजेक्ट की जो रिपोर्ट बनी थी उससे करोड़ों बंट चुका है। जितना खर्चा बढ़ेगा जनता पर भार आएगा।

प्रदेश कॉंग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, “5,000 से ज्यादा ईडी में केस दर्ज हुए, लेकिन 1 प्रतिशत से भी कम मामलों में सजा हुई। सरकार विश्वगुरु बनने की बात करती है, लेकिन रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रहा है। यहां तक कि बांग्लादेश तक हमें आंख दिखाने लगा है। उन्होंने कहा कि ट्रंप के टैरिफ और मोदी सरकार की विदेश नीति ने करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित दैनिक पीपुल्स समाचार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *