मंत्री प्रह्लाद पटेल के बयान की आलोचना
इंदौर, 05 मार्च 2025 : इंदौर शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल के ” भिखारी” वाले बयान की आलोचना की और कहा कि यह बयान जनता का अपमान है।
कॉंग्रेस शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्डा, ग्रामीण कॉंग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव, महिला शहर अध्यक्ष सोनीला मिरमोट और प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद द्विवेदी ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। हालांकि शहर अध्यक्ष चड्डा फोन आने पर बीच में प्रेस वार्ता छोड़ चले गए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में प्रदेश को बदहाली और असुरक्षा के गर्त में धकेल दिया है। कांग्रेस ने स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों और महिलाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के बजाय उनका अपमान कर रही है।
उल्लेखनीय है हाल ही में प्रह्लाद पटेल ने राजगढ़ में एक सार्वजनिक सभा में कहा था लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत हो गई है। लोग नेताओं को माला पहनाकर टोकना भरके अपनी मांगों का पत्र थमा देते हैं। विरोध होने के बाद पटेल ने सफाई दी थी कि लोगों को स्वालंबी बनाना गलत नहीं है। तभी से पटेल विपक्ष के निशाने पर हैं।
कॉंग्रेस का चरणबद्ध आंदोलन
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस 5 मार्च से 15 मार्च तक प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी।
6 मार्च को मंत्री प्रह्लाद पटेल का पुतला दहन होगा।
8 मार्च को जिला मुख्यालयों पर धरना
10 मार्च को भोपाल में किसान प्रदर्शन