इंदौर। नगर निगम द्वारा संपत्ति कर, जल कर और कचरा शुल्क में की गई भारी वृद्धि के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने द्रविड़ नगर झोन क्रमांक 15 पर घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन कर जोरदार प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, पार्षद रफीक खान और शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्यमंत्री के नाम झोनल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि संपत्ति कर की दरों में बदलाव से कर बोझ 150% तक बढ़ेगा, जल कर 200 से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति माह कर दिया गया है और कचरा शुल्क भी बढ़ा है। नगर निगम द्वारा पर्याप्त पानी की आपूर्ति तक नहीं हो रही, सड़कें खराब हैं और जगह-जगह जलभराव से डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियां फैल रही हैं। कांग्रेस ने टैक्स वृद्धि पर रोक लगाने और सड़कों की दुर्दशा की जांच की मांग की।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से देवेंद्र सिंह यादव, रफीक खान, मुकेश यादव, प्रकाश पटेल, आफताब खान, सुनील पाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। संचालन विकास जोशी और आभार प्रकाश पटेल ने माना।
