चंद्रलीला में होगा दो दिवसीय आयोजन, शपथ ग्रहण व उत्कृष्ट कार्यों के लिए अलंकरण समारोह भी शामिल

इंदौर, 2 मई 2026:
महिला सशक्तिकरण, सर्वकल्याण, मानव सेवा और जीव दया के क्षेत्र में सक्रिय अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद का 39वां राष्ट्रीय अधिवेशन एवं अलंकरण समारोह 2 और 3 मई को इंदौर में आयोजित किया जाएगा।
परिषद की इंदौर संभाग अध्यक्ष मुक्ता राजेश जैन दद्दू और मीडिया प्रभारी रुचि चोविष्या ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम निपानिया बायपास रोड स्थित चंद्रलीला में प्रातः 10 बजे से शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल पारस दास जैन और निवृत्तमान अध्यक्ष चक्रेश जैन होंगे, जबकि तीर्थ क्षेत्र कमेटी के राष्ट्रीय मंत्री हंसमुख गांधी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में सागर विधायक शैलेंद्र जैन, महिदपुर विधायक दिनेश जैन सहित आशा विनायका, पुष्पा कासलीवाल, सुमन जैन और शिल्पा जैन (तेलंगाना) की भी उपस्थिति रहेगी।
परिषद की केंद्रीय अध्यक्ष निर्मल जैन ने बताया कि संस्था ने धर्म, समाज, संस्कृति, जीव दया और मानव सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए देश-विदेश में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। केंद्रीय सचिव प्रभा जैन के अनुसार, अधिवेशन के दौरान आगामी कार्यकाल के लिए मनोनीत राष्ट्रीय अध्यक्ष शकुंतला जैन (सागर) का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें शपथ दिलाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जैन निभाएंगे।
केंद्रीय कोषाध्यक्ष सरला सांमरिया ने बताया कि इस अवसर पर परिषद की विभिन्न शाखाओं, संभागों और उनके पदाधिकारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित कर अलंकरण प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम की संयोजिका अनीता जैन के अनुसार, अधिवेशन में प्रतिदिन दो सत्र आयोजित होंगे, जिनमें बैनर प्रेजेंटेशन, महामंत्री का प्रतिवेदन, राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा आगामी योजनाओं की घोषणा तथा खुला मंच शामिल रहेगा, जहां सदस्य परिषद की प्रगति और भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

By Neha Jain

नेहा जैन मध्यप्रदेश की जानी-मानी पत्रकार है। समाचार एजेंसी यूएनआई, हिंदुस्तान टाइम्स में लंबे समय सेवाएं दी है। सुश्री जैन इंदौर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार की संपादक रही है। इनकी कोविड-19 महामारी के दौरान की गई रिपोर्ट को देश और दुनिया ने सराहा। अपनी बेबाकी और तीखे सवालों के लिए वे विख्यात है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *