इंदौर, 1 सितंबर।
दिगंबर जैन समाज मंगलवार, 2 सितंबर को पूरे हर्षोल्लास के साथ धूप दशमी पर्व मनाएगा। इस अवसर पर शहर के सभी जिनालयों में विशेष साज-सज्जा की गई है। समाजजन मंदिरों में जाकर धूप अर्पित करेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के अध्यक्ष राजकुमार पाटोदी व प्रचार प्रमुख सतीश जैन ने बताया कि जैन समाज का दस दिवसीय महापर्व पर्युषण 28 अगस्त से प्रारंभ हुआ है, जो शनिवार 6 सितंबर तक चलेगा। प्रतिदिन जिनालयों में प्रातः अभिषेक, शांति धारा, नित्य नियम पूजन, सोलह कारण पूजन, पंचमेरु पूजन और दस लक्षण धर्म की पूजा-अर्चना की जा रही है। शाम के समय सामायिक, आरती, विद्वानों द्वारा दस धर्मों की व्याख्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है।
धूप दशमी पर्व पर परंपरानुसार मंदिरों में आकर्षक झांकियां और रांगोली द्वारा मंडल जी की भव्य रचना की जाएगी। सामाजिक संसद द्वारा गठित निर्णायक मंडल इन झांकियों एवं मंडल जी का निरीक्षण करेगा। टीम का नेतृत्व सुभाष जी सेठिया करेंगे। श्रेष्ठ झांकियां एवं मंडल रचनाएं प्रस्तुत करने वाले प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
समाज श्रेष्ठी श्रीमती पुष्पा कासलीवाल, एम. के. जैन, सुशील पांड्या, मनोहर झांझरी, अमित कासलीवाल, दिलीप पाटनी, राकेश विनायका एवं राजेंद्र सोनी ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में जिनालयों में दर्शन कर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
