डबल नेट, आठ विषयों में एमए और छह डिग्रियों में यूनिवर्सिटी टॉपर बनने का रिकॉर्ड
इंदौर, 13 मई 2026। इंदौर के प्रतिष्ठित एडवोकेट एवं लॉ प्रोफेसर डॉ. पंकज वाधवानी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपनी 22वीं अकादमिक डिग्री अर्जित की है। शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि उन्हें प्रदेश के चुनिंदा बहु-डिग्रीधारी शिक्षाविदों में शामिल करती है।
डॉ. वाधवानी ने अब तक इतिहास, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, लोक प्रशासन, ज्योतिष विज्ञान, दर्शन शास्त्र और हिंदी साहित्य सहित आठ विषयों में एमए की उपाधियां प्राप्त की हैं। विशेष बात यह है कि उनकी कुल डिग्रियों में से छह में वे विश्वविद्यालय स्तर पर टॉपर रहे हैं तथा कई स्वर्ण पदक भी हासिल कर चुके हैं।
उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में बीकॉम, एलएलबी, एलएलएम, पीएचडी, एमबीए (एचआर), मास्टर इन जर्नलिज्म, डिप्लोमा इन साइबर लॉ, मानव संसाधन डिप्लोमा सहित अनेक उच्च शिक्षाएं शामिल हैं। एलएलबी, एलएलएम, पत्रकारिता एवं अन्य कई पाठ्यक्रमों में उन्होंने विश्वविद्यालय मेरिट सूची में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
डॉ. पंकज वाधवानी मध्यप्रदेश के ऐसे एकमात्र एडवोकेट बताए जाते हैं जिन्होंने विधि विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) दो बार उत्तीर्ण की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने 100 से अधिक सर्टिफिकेट कोर्स भी पूर्ण किए हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर इंदौर सांसद शंकर लालवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, इंदौर अभिभाषक संघ के पदाधिकारियों, हाईकोर्ट बार संगठन, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
डॉ. वाधवानी की यह उपलब्धि शिक्षा, विधि और शोध के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता का उदाहरण मानी जा रही है।
