स्टूडेंट्स हब भंवरकुआ में गांजा सप्लाई करने वाला पैडलर गिरफ्तार
इंदौर, 13 मई। भंवरकुआ थाना पुलिस ने स्टूडेंट्स हब क्षेत्र में हॉस्टल और छात्र इलाकों में अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले एक पैडलर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 206 ग्राम गांजा जब्त किया है।
पुलिस से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 मई 2026 को डीएवीवी कैंपस में गांजा सेवन करते हुए चार छात्रों को पकड़ा गया था। छात्रों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने सप्लायर की तलाश शुरू की।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी जोन-4 सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा एसीपी जूनी इंदौर विजय चौधरी के निर्देशन में भंवरकुआ थाना पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई की।
थाना प्रभारी संतोष दूधी के अनुसार 12 मई को पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। तलाशी में उसके पास से 1 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
आरोपी कुलदीप तंवर (25) निवासी न्यू कमल नगर, राऊ के खिलाफ अपराध क्रमांक 514/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य ड्रग्स सप्लायर्स और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
