इंदौर, 21 मार्च। इंदौर के हाईकोर्ट अधिवक्ता एवं लॉ प्रोफेसर डॉ. पंकज वाधवानी ने रोजमर्रा के कानूनी विषयों पर 5000 से अधिक वीडियो लेक्चर अपलोड कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बताया गया कि वे इस तरह की पहल करने वाले मध्य प्रदेश के पहले विधि विशेषज्ञों में शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, डॉ. वाधवानी ने वर्ष 2020 में कोविड लॉकडाउन के दौरान आमजन को निःशुल्क कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूट्यूब चैनल के माध्यम से प्रतिदिन एक वीडियो अपलोड करना शुरू किया था। यह क्रम पिछले छह वर्षों से लगातार जारी है।
इन वीडियो में वसीयत, बीमा क्लेम, संपत्ति विवाद, पुलिस में एफआईआर दर्ज न होने की स्थिति सहित दैनिक जीवन में आने वाली विभिन्न कानूनी समस्याओं और उनके समाधान से जुड़े विषय शामिल हैं। देश के विभिन्न राज्यों से लोगों द्वारा उनसे संपर्क कर कानूनी परामर्श भी लिया जा रहा है।
डॉ. वाधवानी द्वारा संचालित “Law Easy” यूट्यूब चैनल को भारत के अलावा पाकिस्तान, नेपाल, यूएई और अमेरिका जैसे देशों में भी देखा जा रहा है।
बताया गया कि पिछले पांच वर्षों में उनके चैनल पर 4 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं। डॉ. वाधवानी ने एलएलबी में तीनों वर्षों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किए हैं और कानून विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) भी उत्तीर्ण की है।
वे विभिन्न विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं और विधिक साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहे हैं।
