वार्षिक प्रतिवेदन 2025 प्रस्तुत, विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित, विकास योजनाओं की जानकारी दी गई
इंदौर, 1 फरवरी, 2026: शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर के वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम के उपरांत शनिवार को महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ल रहे।
इस अवसर पर प्राचार्य अल्का गुप्ता द्वारा वर्ष 2025 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रतिवेदन में महाविद्यालय की शैक्षणिक, चिकित्सकीय एवं अधोसंरचनात्मक उपलब्धियों के साथ आगामी योजनाओं का विवरण दिया गया।
वर्ष 1961 में स्थापित यह संस्थान मध्यप्रदेश का सबसे पुराना एवं एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय है, जिसने हाल ही में सेवा एवं शिक्षा के 65 वर्ष पूर्ण किए हैं। महाविद्यालय प्रदेश में तृतीयक स्तर की दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। दंत चिकित्सालय में प्रतिदिन 700 से अधिक रोगियों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान से अब तक लगभग 1500 बीडीएस एवं 300 एमडीएस विद्यार्थी उत्तीर्ण हो चुके हैं।
प्रतिवेदन के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीडीएस सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 करने हेतु आवेदन किया गया है, साथ ही एमडीएस सीटों में वृद्धि का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया है। अधोसंरचना विकास के अंतर्गत ओपीडी परिसर का विस्तार, पुराने भवन का नवीनीकरण तथा नए ए एवं बी ब्लॉकों का निर्माण कार्य जारी है। आगामी सुविधाओं में सीबीसीटी (CBCT) एवं कैड-कैम (CAD-CAM) तकनीक की स्थापना प्रस्तावित है।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। बीडीएस पाठ्यक्रम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट सेरेमनी तथा स्नातक विद्यार्थियों के लिए कन्वोकेशन शपथ का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में विधायक राकेश गोलू शुक्ला, राज्य दंत परिषद के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रेश शुक्ल, भाजपा के मीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, एमजीएम मेडिकल कॉलेज अधिष्ठाता डॉ. अरविंद धनघोरिया तथा पार्षद श्रीमती पंखुड़ी जोशी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश राज्य दंत परिषद के रीडर एवं रजिस्ट्रार डॉ. हर्ष चन्सौरिया द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथियों का स्वागत कर किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।
विशेष अतिथियों का परिचय एवं स्वागत डॉ. विलास नेवसर, डॉ. जया जोशी, डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. पुनीत गुप्ता, डॉ. विराग भाटिया, डॉ. स्वाति सोलंकी, डॉ. कुलदीप राणा एवं डॉ. शिल्पी मित्तल गुप्ता द्वारा किया गया।
