PCPNDT अधिनियम के उल्लंघन का मामला, संबंधित संचालक और चिकित्सक को नोटिस जारी करने के निर्देश
इंदौर, 23 अक्टूबर 2026: इंदौर में पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने न्यू बोर्न केयर सेंटर की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन सील कर दी है। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई। संबंधित संचालक एवं चिकित्सक को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि डायमंड कॉलोनी, जंजीरवाला चौराहा स्थित न्यू बोर्न केयर सेंटर, केयर ऑफ लोटस हेल्थ केयर सेंटर के निरीक्षण के दौरान जानकारी सामने आई कि केंद्र के पंजीकृत चिकित्सक डॉ. जफर खान ने सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना केंद्र को अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन सहित अन्य व्यक्ति को बेच दिया था।
इस मामले में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन की जानकारी कलेक्टर शिवम वर्मा को दी गई। इसके बाद उनके निर्देश पर डॉ. दिव्यानी अहिरवार, जोनल अधिकारी और श्रीमती दीपमाला बामने, पर्यवेक्षण दल की सदस्य ने केंद्र की अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन सील करने की कार्रवाई की।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले में संबंधित संचालक एवं चिकित्सक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
