हुरुन रिच लिस्ट 2024 : एमपी से 13 उद्योगपति शामिल, इंदौर के विनोद अग्रवाल सबसे ऊपर
इंदौर/भोपाल। हुरुन रिच लिस्ट 2024 बुधवार को जारी हुई। इसमें देशभर के हजार करोड़ से अधिक संपत्ति वाले 1687 बिजनेसमैन शामिल किए गए हैं। मध्य प्रदेश से कुल 13 उद्योगपति इस सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं, जिनमें इंदौर से 10 और भोपाल से 3 कारोबारी शामिल हैं।
इंदौर के कोल कारोबारी विनोद अग्रवाल 9500 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति में पिछले वर्ष की तुलना में 2400 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी के साथ वे राष्ट्रीय स्तर पर 66 पायदान ऊपर चढ़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक अग्रवाल की संपत्ति में औसतन हर दिन 6.57 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।
भोपाल से दिलीप बिल्डकॉन के मालिक दिलीप सूर्यवंशी 4430 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ एमपी में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति में 630 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई है और वे सूची में 10 पायदान ऊपर आए हैं।
इंदौर से उजास एनर्जी के श्याम मूंदड़ा की संपत्ति घटकर 3410 करोड़ रुपए रह गई है। वे बीते साल 3500 करोड़ के साथ 709वें स्थान पर थे, इस साल 767वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
हुरुन की इस सूची में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में घिरा पाथ ग्रुप भी शामिल है, हालांकि समूह की संपत्ति में पिछले साल की तुलना में कमी आई है।
एमपी से शामिल शीर्ष नामों में इंदौर के विनोद अग्रवाल, भोपाल के दिलीप सूर्यवंशी और उजास एनर्जी के श्याम मूंदड़ा प्रमुख हैं।
हुरुन रिच लिस्ट में शामिल इंदौर के कारोबारी
| नंबर | हुरुन रिच लिस्ट में क्रम | नाम | ग्रुप | संपत्ति (करोड़ में) |
| 1 | 328 | विनोद अग्रवाल | अग्रवाल कोल | 9500 |
| 2 | 767 | श्याम सुंदर मूंदड़ा | उजास एनर्जी | 3410 |
| 3 | 1094 | सुनील पाटीदार | शक्ति पंप | 2050 |
| 4 | 1149 | विनोद जैन | शांतिनाथ डिटर्जेंट | 1940 |
| 5 | 1206 | विनोद कुमार अग्रवाल | जीआर इंफ्रा प्रोजेक्ट्स | 1820 |
| 6 | 1399 | दिनेश पाटीदार | शक्ति पंप | 1440 |
| 7 | 1470 | सुुनील चौरड़िया | राज रतन ग्लोबल वायर | 1330 |
| 8 | 1507 | विमल तोड़ी | जयदीप इस्पात | 1270 |
| 9 | 1522 | नितिन अग्रवाल | पाथ ग्रुप | 1230 |
| 10 | 1525 | गौरव आनंद | आनंद ज्वेलर्स | 1220 |
